Loading

सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनारी के दुर्गम भोड़ार में खजाने की खोज कर रहे लोगों की जान आफत में पड़ गई। खजाने के चक्कर में किये जा रहे गड्ढे के दौरान पहुंचे ग्रामीणों से हुयी कहासुनी के बाद हुयी मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इसमें एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है। घटना की सूचना रविवार सुबह डायल 112 पुलिस को दे दी गयी थी, लेकिन सड़कों की जर्जरता के कारण पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पायी। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से ही घायलों को इलाज के लिए ओबरा भेजवाया गया। ओबरा से नौ लोग चार मोटरसाइकिल से खजाने की खोज में शनिवार रात को दुर्गम भोड़ार पहुंचे। रात नौ बजे के करीब ये लोग एक खेत में पूजापाठ के बाद खोदाई करने लगे। जब ये लोग लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा खोद लिए तो ग्रामीणों को कुछ आहट हुयी। उसके बाद दर्जनों की संख्या में एकत्रित ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उसके बाद ग्रामीणों से गड्ढा खोद रहे लोगों की कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद गड्ढा खोद रहे कुछ लोग भागने लगे जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ कर पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों के हमले में अजय चौधरी निवासी डाला रोड, महेंद्र खरवार निवासी अमश्ररोता, पनारी, कल्लू निवासी डाला रोड, राजेश निवासी गजराज नगर घायल हो गए। इसमें अजय चौधरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दौरान पांच लोग मौका देख जंगलों में भाग गए। मौके पर चार मोटरसाइकिल भी पायी गयी। समाचार लिखे जाने तक घायल अजय चौधरी को ओबरा लाया जा रहा था।कुछ घायलों को उनकी मोटरसाइकिल से ही रवाना किया गया था लेकिन वे कहाँ हैं इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है। कुल नौ लोगों में दो ओझा सोखा भी थे। जो परसोई और अमरस्रोता के बताये जा रहे हैं। ग्रामीणों के आने पर सबसे पहले यही लोग फरार हो गए। इनके बातों में आकर लोग बड़े खजाने की खोज में गए हुए थे। इन्हे बताया गया था कि खजाना आठ फीट नीचे दबा हुआ है। रात में पहुंचे इन लोगों को सुनसान रात में वह जगह बतायी गयी। उसके बाद ओझा सोखा द्वारा पहले पूजा पाठ कर प्रसाद चढ़ाया गया। उसके बाद फावड़ा और कुदाल से गड्ढा किया जाने लगा। तेज आवाज के कारण भनक लगने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ओबरा थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि गांव में मारपीट की सूचना आयी थी। जिसके बाद मौके पर पुलिस रवाना की गयी है। मामले की पूरी जानकारी एकत्रित की जा रही है।