Loading

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के अध्यक्ष पद पर शुक्रवार को दूसरी बार महेश चन्द्र श्रीवास्तव की नियुक्ति होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश मुख्यालय से इसकी जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं ने महेश चंद्र को बधाई देने के साथ एक दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर हर्ष जताया। विधानसभा चुनाव के पूर्व महेश चंद्र की ताजपोशी एक बार फिर सवर्णो खासकर कायस्थ समाज को साधने की कोशिश की गई है। हाल के दिनों में महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कायस्थ महासभा के कार्यक्रमों में भी दमदारी से सहभागिता की थी। शान्त स्वभाव के महेश श्रीवास्तव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे है। पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में विशाल परिवर्तन यात्रा के सोनभद्र प्रभारी बनाये गये थे। महेश श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजय शंखनाद रैली के कोऑर्डिनेटर के रूप में भी अपनी छाप छोड़ी थी। कोरोना संकट काल में भी महेश श्रीवास्तव सामाजिक सरोकार से जुड़ने के साथ जरूरतमंदों की मदद में जुटे रहे।