सोनभद्र-: म्योरपुर में परम्परागत रुप से राजगद्दी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 सोनभद्र-: म्योरपुर में परम्परागत रुप से राजगद्दी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 245 total views

संवाददाता- मुकेश सोनी

सोनभद्र। म्योरपुर में परम्परागत रुप से राजगद्दी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पुरानी स्थित रामलीला मैदान में विगत 7अक्टूबर से चल रहे श्री राम लीला का मंचन नारद मोह से शुरू होकर शनिवार की देर शाम राम-भरत मिलाप और राजगद्दी के मंचन के बाद समाप्त हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। श्री राम लीला में शनिवार को देर शाम भरत मिलाप व भगवान श्री राम के राज्याभिषेक का मंचन हो गया। 14 बरस के वनवास के बाद भगवान प्रभु श्री राम अपने पिता की आज्ञा को मानते हुए अयोध्या पहुंचे जहां पर भरत और शत्रुघ्न के साथ पूरा अयोध्यावासी भगवान श्री राम के स्वागत के लिए पलके बिछाए खड़े थे। भगवान श्रीराम को देखते ही भरत दौड़कर लिपट गए। यह दृश्य देखकर सभी की आंखों में आंसू छलक उठे।

भगवान श्री राम को अयोध्या के महल में ले जाकर उनका राज्य अभिषेक किया गया। इस दृश्य को देख अयोध्यावासी खुशी से झूम रहे थे और चारों तरफ भगवान श्री राम के जयकारे की गूंज हो रही थी। श्री राम लीला कमेटी के महाप्रबंधक गौरी शंकर सिंह ने कहा कि वर्षों से चल रहे श्री राम लीला के मंचन को सफल बनाने में समिति के सभी कार्यकर्ताओं का बहुत बड़ा योगदान है,जो अथक परिश्रम से इस कार्यक्रम को सफल बनाते हैं। स्थानीय लोगों का भी इसमें भरपूर सहयोग मिलता है। रामलीला कमेटी व मंडली के लोगों को सम्मानित किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *