776 total views
प्रयागराज कार्यालय
करछना/प्रयागराज। विधानसभा चुनाव में करछना में कमल खिलाना भाजपा के लिए चुनौती बना हुआ है। यमुनापार की यही ऐसी एकमात्र सीट है, जहां पर आज तक भाजपा का कोई प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं कर सका। देश आजाद होने के बाद अब तक हुए कुल 17 विधानसभा चुनावों में वर्तमान राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह करछना से सात बार विधायक के रूप में निर्वाचित हो चुके हैं। बीते छह चुनाव में इस सीट पर तीन-तीन बार सपा और बसपा का कब्जा रहा है। यमुनापार की करछना विधानसभा सीट में सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने पहली बार राधेश्याम पटेल को 1980 के विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया था, तब उन्हें महज 3764 मत ही मिले थे। इसके बाद 1985 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। 2017 के चुनाव में पहली बार इस सीट से भाजपा लड़ती नजर आई। तब पार्टी के प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद ने इस सीट से 65 हजार से ज्यादा वोट जुटाए, जबकि सपा प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह 80 हजार से ज्यादा वोट पाकर यहां से निर्वाचित हुए। वर्तमान में भाजपा नेता दीपक पटेल भी बसपा के टिकट पर इस सीट से वर्ष 2012 में विधायक बन चुके हैं। उन्होंने तब नजदीकी मुकाबले में सपा से चुनाव लड़े उज्जवल रमण को शिकस्त दी थी। करछना विधानसभा में बसपा ने भी अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वर्ष 2012, 2007, 1993 में यह सीट बसपा के खाते में आ चुकी है। 1967 के चुनाव में यह सीट निर्दलीय एस. दीन के खाते में भी आ चुकी है।
प्रयागराज की पहली महिला विधायक बनीं थीं कमल कुमार गोइंदी
करछना विधानसभा ने ही प्रयागराज को पहली महिला विधायक दी थी। वर्ष 1957 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर कमल कुमार गोइंदी ने पीएसपी के सत्य नारायण पांडेय को तकरीबन 11 हजार मतों से शिकस्त दी थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हेमवती नंदन बहुगुणा भी 1951 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। तब इस सीट से कुल दो विधायक चुने गए थे। इसमें दूसरे विधायक भी कांग्रेस से रहे। उनका नाम जवाहर लाल था।
अलग-अलग चार दलों से चुनाव लड़ चुके हैं रेवती रमण
करछना विधानसभा से रेवती रमण कुल सात बार निर्वाचित हुए। दो चुनावों में उन्हें हार का भी सामना करना पड़ा। वह इस सीट से पहली बार 1974 में निर्वाचित हुए। इसके बाद 1977, 1985, 1989, 1991, 1996, 2002 में भी वह निर्वाचित हुए। इस दौरान वह चार अलग-अलग दल से चुनाव मैदान में उतरे। विधायक के रूप में वह इस विधानसभा से दो बार सपा के टिकट, एक बार जनता दल, तीन बार जनता पार्टी और एक बार एनसीओ के टिकट पर निर्वाचित हुए।
करछना विधानसभा सीट से विजयी उम्मीदवारों के नाम
वर्ष प्रत्याशी का नाम दल का नाम
2017 उज्ज्वल रमण सिंह सपा
2012 दीपक पटेल बसपा
2007 आनंद कुमार बसपा
2002 रेवती रमण सिंह सपा
1996 रेवती रमण सिंह सपा
1993 नंद लाल सिंह पटेल बसपा
1991 रेवती रमण सिंह जनता दल
1989 रेवती रमण सिंह जनता पार्टी
1985 रेवती रमण सिंह जनता पार्टी
1980 कृष्ण प्रकाश कांग्रेस
1977 रेवती रमण सिंह जनता पार्टी
1974 रेवती रमण सिंह एनसीओ
1969 राम किशोर शुक्ला कांग्रेस
1967 एस दीन निर्दलीय
1962 सत्य नारायण पांडेय पीएसपी
1957 कमल कुमार गोइंदी कांग्रेस
1951 हेमवती नंदन बहुगुणा, जवाहर लाल कांग्रेस